रायपुर । होटलों और रेस्तरां में आने वाले दूसरे राज्य के लोगों की अब जांच की जाएगी। इसके बाद ही उन्हें होटल से शहर में घूमने के लिए जाने दिया जाएगा। वहीं किसी में खांसी, सर्दी, जुकाम होने का अंदेशा होने पर होटल संचालक इसकी सूचना नगर निगम प्रशासन को देंगे। निगम की स्वास्थ्य टीम होटलों में ठहरे लोगों की जांच करेगी। उन्हें मॉस्क भी दिया जाएगा। कोरोना वॉयरस से स्वास्थ्य सुरक्षा और बचाव को लेकर आयुक्त सौरभ कुमार ने होटल और रेस्तरां संचालकों की बैठक ली। जिन होटलों में 50 किलो कचरा निकलता है। वहां के संचालक अब खुद के व्यय पर यूनिट लगाकर इसका निपटारा करेंगे।
मंदिरों में सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान नहीं होंगे
जोन एक कार्यालय में मंदिरों की समितियों के पदाधिकारियों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि सभी मंदिरों में 31 मार्च तक सामूहिक अनुष्ठान नहीं होंगे। हालांकि दैनिक पूजा-पाठ किया जाएगा। भक्तों की सुरक्षा के लिए सैनिटाइजर दिए जाएंगे। वहीं मंदिरों में मॉस्क लगाकर ही आने के लिए भक्तों को प्रेरित करने के लिए समितियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
ट्रैवल्स बुकिंग की जानकारी अब 31 मार्च तक प्रतिदिन अनिवार्य रूप से निगम को देनी होगी। दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों पर पूरी नजर रखी जाएगी।
जोन छह के कार्यालय में सैनिटाइजर
जोन छह कार्यालय में प्रवेश करने से पूर्व लोगों के लिए सैनिटाइजर और पानी की व्यवस्था की गई है। इसके उपयोग के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को प्रेरित किया जाएगा।