डॉक्टरविहीन डोंगरी अस्पताल में लटक रहा ताला

चाकाबुड़ा । स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए संचालित ग्राम डोंगरी अस्पताल उपयोगहीन साबित हो रहा है। अस्पताल में डॉक्टर तो दूर कर्मचारी भी पदस्थ नहीं किया गया है। तीन माह पहले पदस्थ कर्मचारी के स्थानांतरण के बाद नवीन पदस्थापना की सुध जिला स्वास्थ्य विभाग के नहीं लिए जाने के कारण अस्पताल में ताला लटक गया है। स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर ग्रामीण क्षेत्र के अस्पताल महज दिखावा ही साबित हो रहे हैं। विकासखंड कटघोरा के ग्राम डोंगरी में संचालित उप स्वास्थ्य केंद्र इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। तीन माह पहले अस्पताल में चिकित्सा सेवा संचालित हो रही थी, जिससे डोंगरी ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण आपात चिकित्सा के लिए आश्रित थे। स्वास्थ्य कार्यकर्ता के स्थानांतरण के बाद अब तक अस्पताल में स्थाई बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता की नियुक्ति नहीं की गई। ऐसे में परिवार कल्याण, मातृत्व पोषण सुझाव, टीकाकरण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। आपात स्थिति जैसे प्रसव, औचक दुर्घटना की स्थिति में लोगों को शहर के अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है मामले की शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने अब तक सुध नहीं ली है।



ढेलवाडीह अस्पताल भी रहता है बंद


ढेलवाडीह में संचालित अस्पताल भी आए दिन बंद रहता है। इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को खासी असुविधा का सामना करना प़ड़ता है। अस्ताल में बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा अस्पताल में कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा का प्रावधान है, इसके बाद भी मरीजों में चिकित्सा सुविधा के लिए भटकना पड़ता है।


कहते हैं ग्रामीण



नहीं मिल रही चिकित्सा सुविधा


ग्रामीणों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल रही है। खासकर सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से वंचित होना पड़ रहा है। एक हजार से भी अधिक आबादी वाले गांव के अस्पताल का बंद होना प्रशासनिक अव्यवस्था को दर्शाता है।


मोहरदास महंत


झोलाछाप डॉक्टर का भरोसा


गांव में सरकारी स्वास्थ्य सुविधा अस्पताल बंद होने के कारण ठप है। इलाज के लिए गांव में आने वाले झोलाछाप डॉक्टर पर निर्भर हैं। अस्पताल में नियमित डॉक्टर की सुविधा दी जाए।


भूरी बाई


डोंगरी में स्वास्थ्य कार्यकर्ता नियुक्त नहीं होने के कारण अस्पताल नियमित नहीं खुल पा रहा है। टीकाकरण व अन्य स्वास्थ्य सुविधा के लिए समय-समय पर अस्पताल खोला जाता है। समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। शीघ्र ही कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा। ढेलवाडीह अस्पताल में कर्मचारी नियुक्त हैं।


 


- रुद्र प्रताप कंवर, खंड चिकित्सा अधिकारी, कटघोरा