एक साथ संघर्ष से मिलेगी ठेका मजदूरों को सफलता

कोरबा । खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों के चिकित्सा, वेतन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ ने दी। अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह ने बताया कि ठेका मजदूरों को एकजुटता के साथ अपनी मांग को लेकर संघर्ष करना होगा, तभी प्रबंधन उनकी समस्या निराकृत करेगा। एसईसीएल दीपका क्षेत्र के एमटीके नंबर चार पर खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों के साथ एबीकेएमएस के उपाध्यक्ष राजेंद्र विश्वकर्मा तथा भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन के अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह राठौर ने चर्चा की। इस दौरान ठेका मजदूरों ने विभिन्न समस्याओं से पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए बताया कि ठेकेदार समय पर वेतन नहीं देता है। कम दर पर राशि प्रदान की जा रही है। इसी तरह अन्य सुविधाएं भी कंपनी की ओर से नहीं दी जा रही। विरोध करने पर काम से निकालने की धमकी दी जाती है। ठेका मजदूरों की समस्या सुनकर दोनों पदाधिकारियों ने चिकित्सा, वेतन, कल्याण समेत अन्य सुविधाओं के संदर्भ में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोल प्रबंधन ने ठेका मजदूरों के लिए कई सुविधाएं शुरू की है, पर जानकारी के अभाव में ठेका मजदूर सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े अधिकांश मजदूरों को समय-समय पर जानकारी प्रदान की जाती है, पर जो मजदूर संगठन से जुड़े नहीं है उन्हें जानकारी नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि भविष्य में संगठित होकर लड़ना होगा, तभी सभी सुविधाएं उन्हें मिलेगी। टिकेश्वर सिंह ने कहा कि सभी मजदूरों के साथ भारतीय मजदूर संघ कंधे से कंधा मिलाकर उनके हित के लिए संघर्ष करेगा।